12वीं की छात्रा मनीषा की हत्या बेहद क्रूरता से -चचेरा भाई संदिग्ध, गले पर धारदार हथियार से कई वार, हाथों की उंगलियां और नाक कटी हुई, सिर पर भारी पत्थर से वार कर कुचला चेहरा
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर (18) की बेहद नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई। छात्रा को बुधवार शाम उसका चचेरा भाई दवा दिलाने के बहाने घर से लेकर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। देर रात उसका क्षत-विक्षत शव गांव से करीब 300–400 मीटर दूर झाड़ियों में मिला।
दवा दिलाने के बहाने ले गया था चचेरा भाई
मृतका के पिता आनंद सिंह ने विकासनगर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 28 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे उनकी बेटी मनीषा उर्फ ज्योति अपने चचेरे भाई सुरेंद्र (30) के साथ घर से निकली थी। सुरेंद्र ने दांत की दवा दिलाने की बात कही थी और HP17B-6147 नंबर की मोटरसाइकिल से उसे विकासनगर की ओर ले गया।
घर नहीं लौटी तो शुरू हुई तलाश
काफी देर तक बेटी के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। हर्बटपुर चौकी को भी फोन से सूचना दी गई, लेकिन रात भर कोई सुराग नहीं लग सका। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि कुलावे के पास झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर मनीषा का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला, जबकि सुरेंद्र मौके से गायब था।
शव की हालत देख दहशत में गांव
पुलिस के अनुसार मनीषा की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई।
गले पर धारदार हथियार से कई वार
हाथों की उंगलियां और नाक कटी हुई
सिर पर भारी पत्थर से वार कर चेहरा कुचला गया
शव के आसपास खून फैला होने से पुलिस का मानना है कि हत्या उसी स्थान पर की गई।
CCTV में साथ दिखे, फिर लोकेशन गायब
जांच में सामने आया कि मनीषा और सुरेंद्र बाइक से जाते हुए एक पेट्रोल पंप के CCTV कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद दोनों की कोई लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल और खून लगे धारदार हथियार (हंसिया) बरामद की गई है।
कुछ दिन पहले खरीदी थी हंसिया
पुलिस को जानकारी मिली है कि बरामद हंसिया सुरेंद्र ने कुछ दिन पहले विकासनगर की एक दुकान से खरीदी थी। वह गांव में मिस्त्री का काम करता था। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।
नहर में कूदने की आशंका, SDRF सर्च ऑपरेशन
घटनास्थल के पास शक्ति नहर होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद आरोपी नहर में कूद गया हो सकता है। इसी को देखते हुए SDRF टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए बुलाया गया है।
SSP ने की पुष्टि
देहरादून के SSP अजय सिंह ने बताया कि छात्रा अपने गांव के ही रिश्तेदार के साथ गई थी और फिलहाल वही मुख्य संदिग्ध है। आरोपी अभी ट्रेस नहीं हुआ है। हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। गांव में CCTV कैमरों की कमी और नहर की मौजूदगी के कारण जांच में समय लग रहा है।

