3 साल की मासूम से छिना पिता का साया – गोली आर-पार, बचने का नहीं मिला मौका – पिस्टल जब्त, मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस – खनन ठेकेदार ने खुद को उड़ाया पिस्टल से

Spread the love

खनन कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौत से गांव में सन्नाटा

हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में  देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक खनन कारोबारी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को परिजन आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात घर में किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और खुद पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े, जहां कमलेश लहूलुहान हालत में पड़े मिले।

गोली आर-पार, बचने का मौका नहीं मिला

अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कमलेश ने सिर के दाहिनी ओर (राइट साइड) से गोली मारी, जो बाईं ओर (लेफ्ट साइड) से आर-पार निकल गई। गोली लगने से दिमाग के महत्वपूर्ण हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

3 साल की मासूम से छिना पिता का साया

कमलेश परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके अचानक चले जाने से परिवार पर आर्थिक संकट के बादल मंडरा गए हैं। उनकी 3 साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद से पत्नी और बुजुर्ग परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

पिस्टल जब्त, मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ हल्द्वानी अमित सैनी ने मौके का दोबारा निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया है।

जांच के तहत परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर वह पारिवारिक विवाद क्या था, जिसने एक सफल कारोबारी को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *