लालकुआं–बिंदुखत्ता की 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला बदायूं स्टेशन से सकुशल बरामद, जीआरपी की तत्परता सराहनीय

Spread the love

लालकुआं–बिंदुखत्ता की 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला बदायूं स्टेशन से सकुशल बरामद, जीआरपी की तत्परता सराहनीय

लालकुआं/नैनीताल। 10 फरवरी 2026 को गांधीनगर बिंदुखत्ता निवासी गंगा देवी पत्नी दरबान सिंह ने जीआरपी चौकी लालकुआं पहुंचकर सूचना दी कि उनके पति दरबान सिंह, भाई कृपाल सिंह और उनकी 82 वर्षीय माता भवानी देवी (निवासी ग्राम नानी पनियाली शामा, जनपद बागेश्वर) उपचार के लिए पंतनगर से भोजीपुरा जाने हेतु रामनगर–कासगंज पैसेंजर ट्रेन में सवार हुए थे।
बताया गया कि पंतनगर स्टेशन पर दरबान सिंह टिकट लेने चले गए। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। पहली बार ट्रेन में बैठे कृपाल सिंह घबराकर अपनी वृद्ध माता को सीट पर बैठाकर दरबान सिंह को देखने उतर गए और बाद में दोनों अंतिम डिब्बे में चढ़ गए। भोजीपुरा स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें भवानी देवी कहीं दिखाई नहीं दी। वृद्ध महिला न तो हिंदी बोल पाती हैं, न समझ पाती हैं और चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं, जिससे परिजन घबराकर पुलिस की शरण में पहुंचे।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जीआरपी काठगोदाम के निर्देशन में तत्काल टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी जीआरपी लालकुआं ने हमराह स्टाफ के साथ जीआरपी किच्छा, बहेड़ी, देवरनिया, अटामांडा, भोजीपुरा, दोहना, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, करतोली व बदायूं से टेलीफोन के माध्यम से संपर्क किया तथा व्हाट्सएप पर महिला का फोटो साझा कर अलर्ट जारी किया।
त्वरित कार्रवाई के चलते भवानी देवी को उत्तर प्रदेश के बदायूं रेलवे स्टेशन पर जीआरपी बदायूं की मदद से ट्रेन से सुरक्षित उतार लिया गया और परिजनों को सूचना देकर वहां बुलाया गया।
11 फरवरी 2026 को परिजन उपचार के बाद जीआरपी लालकुआं पहुंचे और अपनी माता को सकुशल मिलने पर जीआरपी लालकुआं तथा उत्तराखंड जीआरपी पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *