महिलाओं के सम्मान पर हमला – गिरधारी लाल साहू के बयान के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन फूंका पुतला
लालकुआँ नगर कांग्रेस महिला एवं बिंदुखत्ता कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के कथित विवादित बयान के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौराहे पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरधारी लाल साहू और मंत्री रेखा आर्या का पुतला दहन किया।
भाजपा सरकार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता का आरोप
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर कहा कि यह बयान महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार पर महिलाओं की गरिमा और अधिकारों के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि इस तरह के बयान समाज में महिलाओं के प्रति घृणित सोच को बढ़ावा देते हैं।
‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ का नारा खोखला साबित- महिला कांग्रेस
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा का ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ का नारा अब केवल दिखावा बनकर रह गया है। उनका कहना था कि महिला एवं बाल विकास मंत्री के परिवार से जुड़े व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग अत्यंत निंदनीय है और इससे महिलाओं की गरिमा को गहरी ठेस पहुंची है।
शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार से इस पूरे मामले में तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग की। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। महिला कांग्रेस ने दो टूक कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माफी और इस्तीफे की मांग, बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता रहे मौजूद
महिला कांग्रेस ने मांग की कि गिरधारी लाल साहू सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और मंत्री रेखा आर्या अपने पद से इस्तीफा दें। गौरतलब है कि 23 दिसंबर को अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में एक कार्यक्रम के दौरान गिरधारी लाल साहू ने कथित रूप से कहा था कि “शादी के लिए बिहार से 20 से 25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं।” हाल ही में इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद गहरा गया, जिसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी।
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता बीना जोशी, आशु जोशी, राधा दानू, सरस्वती ऐरी, दीपा पांडे, दीपा बिष्ट, ममता परिहार सहित अनेक महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। वहीं कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन पांडे, बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर दानू, हेमंत पांडे, सईद अहमद, हाजी अय्यूब अली, गोविंद दानू, सूरज राय, आरपी यादव, आजम खान, इमरान खान, अनुप भाटिया, भगवत चरण, खिमानंद दुम्का समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।

