जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण, जिलाधिकारी की सख्ती से जनपद में लंबित प्रकरण शून्य
नैनीताल, 14 जनवरी 2026 (सूवि.)
जनपद में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों को लेकर जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल की सख्त कार्यवाही का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त स्थानीय निकायों एवं विकास खंडों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया है। वर्तमान में जनपद में एक भी प्रकरण लंबित नहीं है।
जिलाधिकारी ने पूर्व में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, पंजीकरण अधिकारियों, रजिस्ट्रारों एवं स्थानीय निकायों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आम जनता से जुड़े आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों के नाम सरकारी अभिलेखों में दर्ज हो सकें और वे शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में माह दिसंबर के दौरान जनपद में मृत्यु प्रमाण पत्र हेतु कुल 272 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी आवेदकों को प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। वहीं जन्म प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त 436 आवेदनों का भी पूर्ण निस्तारण करते हुए सभी को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को दोहराते हुए निर्देश दिए हैं कि भविष्य में भी किसी प्रकार का विलंब न हो और आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

