रेल विकास को नई रफ्तार – मुख्यमंत्री धामी से डीआरएम विनीता श्रीवास्तव की मुलाकात, रुड़की-देवबंद रेल लाइन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग राज्य के रेल प्रोजेक्ट्स पर हुई विस्तृत चर्चा

Spread the love

रेल विकास को नई रफ्तार – मुख्यमंत्री धामी से डीआरएम विनीता श्रीवास्तव की मुलाकात, रुड़की-देवबंद रेल लाइन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग राज्य के रेल प्रोजेक्ट्स पर हुई विस्तृत चर्चा

देहरादून।
मुख्यमंत्री आवास में मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में संचालित रेल परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट साझा की। बैठक में रुड़की-देवबंद रेल लाइन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और स्टेशनों के आधुनिकीकरण समेत कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डीआरएम ने जानकारी दी कि 27.45 किमी लंबी रुड़की-देवबंद नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण कर इसे कमीशन कर दिया गया है। यह लाइन अब ट्रेन संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस परियोजना के अंतर्गत बनहेड़ा खास और झबरेड़ा में नए रेलवे स्टेशन बनाए गए हैं।
रेलवे की रफ्तार बढ़ाने पर फोकस
रेलवे द्वारा ट्रेनों की गति बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लक्सर-हरिद्वार रेल खंड पर ट्रेनों की रफ्तार 110 किमी/घंटा कर दी गई है। भविष्य में इसे 160 किमी/घंटा तक बढ़ाने की योजना है, जिसकी डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना में 94% सुरंग कार्य पूरा
डीआरएम ने बताया कि 125 किमी लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में सुरंगों का कार्य 94 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में 12 स्टेशन, 35 पुल और 17 सुरंगें बनाई जा रही हैं।
स्टेशन नहीं, अब ‘एयरपोर्ट’ जैसे दिखेंगे
‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत हर्रावाला, रुड़की और कोटद्वार रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
योजना के अंतर्गत—
आधुनिक डिज़ाइन वाले नए स्टेशन भवन
एसी वेटिंग हॉल
फूड कोर्ट और बेहतर खान-पान व्यवस्था
दिव्यांग-अनुकूल संरचना
भीड़ प्रबंधन के लिए चौड़े फुट ओवर ब्रिज
आधुनिक और विस्तृत पार्किंग सुविधाएं
शामिल हैं।
अर्द्धकुंभ और टनकपुर को लेकर विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने आगामी अर्द्धकुंभ को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टनकपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही हरिद्वार-देहरादून रेल खंड की क्षमता बढ़ाने और वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु ‘वन्यजीव न्यूनीकरण योजना’ पर भी चर्चा की गई।
अटकी परियोजनाओं पर तालमेल के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कुछ लंबित परियोजनाओं—
इकबालपुर आरओबी (अप्रोच भूमि लंबित)
धनौरा आरओबी (रक्षा भूमि प्रकरण)
को लेकर राज्य सरकार और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *