अभी -अभी – जाको राखे साईं, मार सके ना कोई: सरयू में कूदा युवक, साहस और संयोग से बची जान
कहते हैं जाको राखे साईं, मार सके ना कोई—यह कहावत बागेश्वर में उस वक्त सच साबित हो गई, जब बागनाथ मंदिर के सामने बने पैदल पुल से एक युवक ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद एक युवक की सतर्कता और साहस से समय रहते उसकी जान बचा ली गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना कोतवाली पुलिस क्षेत्र की है। नदीगांव निवासी अशोक टंगड़िया बागनाथ मंदिर के समीप बने पैदल पुल से गुजर रहा था, तभी उसने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
देवदूत बनकर पहुंचा युवक
घटना के समय सरयू बगड़ क्षेत्र में घूम रहे सतीश ने अशोक टंगड़िया को नदी में कूदते देखा। हालात की गंभीरता को भांपते हुए सतीश ने एक पल की भी देरी नहीं की और स्वयं नदी में छलांग लगाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसकी इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने संभाला मामला
घटना की सूचना मिलते ही चीता पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार युवक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद परिजनों को थाने बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
फिलहाल युवक के नदी में कूदने के कारणों की जांच की जा रही है।

