कैंचीधाम बायपास हर हाल में 15 जून तक यातायात के लिए खोला जाए – सतपाल महाराज
1258.12 लाख रुपये की 5 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
भीमताल
जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन, भीमताल पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की कुल 1258.12 लाख रुपये की 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इसमें लोक निर्माण विभाग की 945.99 लाख रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 312.13 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण तथा पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
इसके साथ ही दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के अंतर्गत अब तक 5,000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1,118 लोग इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
15 जून तक कैंचीधाम बायपास खोलने के सख्त निर्देश
विकास भवन सभागार में आयोजित जनसंवाद एवं विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की यात्रा को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाने हेतु बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 75 मीटर स्पान वाले पुल के निर्माण में विलंब की संभावना हो, तो अस्थायी वैली ब्रिज की व्यवस्था कर 15 जून तक बायपास मार्ग को यातायात के लिए खोलना सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जनपद की महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने, भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों का निर्माण करने तथा हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सिंचाई, स्वच्छता और पर्यटन पर विशेष जोर
सिंचाई विभाग की समीक्षा में उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों व नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने तथा झीलों, नदियों व तालाबों में जमी गाद हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नदियों को वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइज करने हेतु आधुनिक मशीनरी खरीदने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
पंचायतीराज विभाग को गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था, कॉम्पैक्टरों के उपयोग, जन सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा में उन्होंने संचालित होम-स्टे में स्वच्छ शौचालय व साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा योजना के तहत कमरों की संख्या बढ़ाने पर कार्य करने की बात कही।
बैठक में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

