पनचक्की रोड घटना के बाद प्रशासन सख्त, SSP के निर्देश पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव
हल्द्वानी। पनचक्की रोड पर हुई हालिया घटना के बाद नैनीताल पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।
SP हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, CO हल्द्वानी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, थानाध्यक्ष मुखानी, थानाध्यक्ष काठगोदाम तथा यातायात निरीक्षक हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों के कारण मार्ग बाधित हो रहा है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी असुविधा हो रही है। सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बढ़ रही है।
🚧 ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर समयबद्ध रोक
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पूर्व से लागू नो-एंट्री नियम को सख्ती से लागू करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही निम्न समय में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी—
सुबह: 07:00 बजे से 09:00 बजे तक
दोपहर: 02:00 बजे से 04:00 बजे तक
साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर मॉनिटरिंग और नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। भारी वाहनों के लिए और सख्त नो-एंट्री प्लान भी तैयार किया जा रहा है।
🏗️ निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश
पुलिस प्रशासन ने संबंधित निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि—
कार्यस्थल पर जिम्मेदार कर्मचारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहें
सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग, रेडियम टेप व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं
निर्माण स्थल पर फुटपाथ का उपयोग कर टू-वे ट्रैफिक संचालित कराया जाए
सड़क पर मलबा या सामग्री फैलाकर मार्ग अवरुद्ध न किया जाए
🚫 अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलेगा
निरीक्षण के दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण की समस्या सामने आने पर थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कब्जों को नियमानुसार हटाया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
📢 आमजन से अपील
नैनीताल पुलिस ने जनता से अपील की है कि ट्रैफिक डायवर्जन और नो-एंट्री नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

