लोकतंत्र पर हमला कांग्रेस, भाजपा के फर्जी वीडियो हटाने की मांग का दिया कोतवाल को ज्ञापन -वास्तविक मुद्दो से जनता को भटकाने की साजिश – कांग्रेस
लालकुआं।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पांडे एवं बिंदुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुष्कर दानू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स (X)’ पर पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का कथित एआई से तैयार वीडियो साझा किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा को तहरीर सौंपते हुए भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल संचालकों पर झूठी व भ्रामक सामग्री फैलाने का आरोप लगाया और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ओछी राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक का दुरुपयोग कर हरीश रावत के ऐसे बयान प्रसारित किए जा रहे हैं, जो उन्होंने कभी नहीं दिए। यह न केवल एक वरिष्ठ नेता की छवि खराब करने का प्रयास है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सीधा हमला है।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पहले इस तरह की भ्रामक गतिविधियां फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से की जाती थीं, लेकिन अब भाजपा अपने आधिकारिक मंच से ही इस प्रकार के वीडियो प्रसारित कर रही है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे जनता को गुमराह करने और प्रदेश के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की सोची-समझी साजिश बताया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश की जनता रोजगार संकट, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और बढ़ते भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। इन सवालों से बचने के लिए भाजपा एआई जैसी आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विवादित वीडियो को तत्काल सोशल मीडिया से हटाकर सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, कुंदन मेहता, प्रमोद कालौनी, गिरधर बम, महिला नेत्री बीना जोशी, प्रदीप पर्थ्याल, कमल दानू, लक्ष्मण धपोला, दीपक बत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

