उत्तराखंड में एवलांच अलर्ट- 5 जिलों में हिमस्खलन का खतरा, 2800 मीटर से ऊपर हाई रिस्क
बसंत पंचमी पर 10 जिलों में बर्फबारी, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 8 जिलों में स्कूल बंद- पूरी खबर पढ़े
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन (एवलांच) की आशंका को देखते हुए 5 जिलों—उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लिए अलर्ट जारी किया गया है। यह चेतावनी डिफेंस जियोइन्फॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टैब्लिशमेंट (DGRE), चंडीगढ़ द्वारा जारी एवलांच वार्निंग बुलेटिन (AWB) के आधार पर दी गई है।
DGRE के अनुसार खतरा मुख्य रूप से 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ को डेंजर लेवल-3, जबकि बागेश्वर को डेंजर लेवल-2 में रखा गया है।
24 घंटे के लिए प्रभावी रहेगा अलर्ट
DGRE की ओर से जारी चेतावनी 23 जनवरी शाम 5 बजे से 24 जनवरी शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। बुलेटिन में स्नो-लोडेड ढलानों से बचने, केवल सुरक्षित मार्गों से आवाजाही करने और पुराने हिमस्खलन क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बसंत पंचमी पर बदला मौसम, 10 जिलों में बर्फबारी
बसंत पंचमी के दिन उत्तराखंड के 10 जिलों—अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम के अचानक बदले मिजाज से ठंड बढ़ गई और पहाड़ों में जनजीवन प्रभावित हुआ।
4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे के लिए भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्र शामिल हैं। करीब तीन महीने बाद इन जिलों में दोबारा बर्फबारी हो रही है।
स्कूलों में अवकाश
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने 8 जिलों—ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित किया है।
ज़मीनी हालात
उत्तरकाशी के चोरंगी खाल में बर्फबारी के कारण कई वाहन फंसे, PWD की टीम राहत कार्य में जुटी।
रुद्रप्रयाग के त्रियुगीनारायण में बर्फबारी के बीच शादी की रस्में निभाई गईं, दृश्य चर्चा में रहा।
यमुनोत्री-गंगोत्री धाम, चकराता, मसूरी और धनोल्टी में सीजन की पहली बर्फबारी।
देहरादून-हरिद्वार में बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट, देहरादून का न्यूनतम तापमान 6°C दर्ज।

