18.15 किमी कैंचीधाम बाईपास व ₹40 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण
नैनीताल (भवाली)
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने नैनीताल भ्रमण के दौरान नैनीताल जनपद की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन हेतु देश-विदेश से श्रद्धालु वर्षभर कैंचीधाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बन जाने से विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 18.15 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित बाईपास में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स कार्य भी किया जा चुका है। इस कार्य हेतु विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी।
शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग कार्य हेतु 5 करोड़ 6 लाख रुपये की धनराशि से कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों सहित अन्य आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही इस बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी प्रस्तावित है, जिसके निर्माण हेतु शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है और कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी कार्य पूर्ण कर बाईपास को सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित भवाली बाईपास सड़क तथा इसी मार्ग में शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन में पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान बर्फबारी देखने पहुंचे देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटकों से भी उन्होंने बातचीत की। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और वे भविष्य में भी यहां आते रहेंगे।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

