संजय जोशी बने सदस्यता अभियान समिति प्रभारी, लालकुआं व्यापार मंडल इकाई भंग—जल्द होंगे चुनाव
लालकुआं।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर इकाई लालकुआं का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत इकाई को भंग कर दिया गया है। यह निर्णय जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता की संस्तुति पर जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे द्वारा तत्काल प्रभाव से लागू किया गया।
जिला नेतृत्व ने निवर्तमान कार्यकारिणी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन में नई ऊर्जा और गतिशीलता आएगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों के हितों की और अधिक मजबूती से पैरवी की जा सकेगी। जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने बताया कि लालकुआं इकाई में शीघ्र ही चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। वहीं, जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने सभी व्यापारियों से आगामी चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
इस क्रम में जिला उपाध्यक्ष संजय जोशी को सदस्यता अभियान समिति, लालकुआं का प्रभारी बनाया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे शीघ्र ही 8 सदस्यीय समिति का गठन कर सदस्यता अभियान प्रारंभ करें, ताकि आगामी चुनाव की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा सके। संजय जोशी ने अवगत कराया कि 20 जनवरी के बाद सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके बाद चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि निवर्तमान कार्यकारिणी चुनाव तक कार्यवाहक रूप में कार्य करेगी और सदस्यता अभियान में अपना पूर्ण सहयोग देगी।

