बड़ी खबर – महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने किया खुलासा मुखानी और रामनगर में वारदातों को दे चुका था अंजाम, 10 मुकदमों में वांछित आरोपी दबोचा

Spread the love

महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने किया खुलासा
मुखानी और रामनगर में वारदातों को दे चुका था अंजाम, 10 मुकदमों में वांछित आरोपी दबोचा गया
हल्द्वानी। थाना मुखानी क्षेत्र सहित रामनगर में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने एक शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
ऐसे हुई थीं घटनाएं
दिनांक 04 फरवरी 2026 को श्रीमती बीना पाठक, निवासी ऊंचापुल मुखानी, ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर सामान खरीदने के बहाने आए और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 09/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी प्रकार 30 जनवरी 2026 को देवभूमि सैनिक कॉलोनी निवासी श्रीमती कमला देवी से पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र झपटने की घटना हुई। इस मामले में एफआईआर संख्या 10/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
इसके अलावा 06 फरवरी 2026 को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में श्रीमती विजलक्ष्मी से भी मंगलसूत्र झपटने की वारदात हुई, जिसमें कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 35/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे दबोचा गया आरोपी
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को तत्काल खुलासे और बरामदगी के निर्देश दिए। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी मोटरसाइकिल संख्या HR 29 AF 2325 से कालाढूंगी की ओर से हल्द्वानी आ रहा है। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक को रोक लिया। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पीछे बैठा साथी जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी पुत्र नंदराम, निवासी पदमपुर थाना मिल्क खाना तहसील स्वार जिला रामपुर (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है।
बरामदगी
आरोपी के कब्जे से चोरी के 02 पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिल HR 29 AF 2325 FZ-S रॉकी पुत्र प्रतीक सरदाना निवासी फरीदाबाद के नाम पंजीकृत है।
पूछताछ में किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 30 जनवरी और 04 फरवरी को मुखानी क्षेत्र में तथा 06 फरवरी को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटे थे। वह एक बार फिर वारदात को अंजाम देने हल्द्वानी आ रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त के विरुद्ध हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में कुल 05 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त रामपुर (उत्तर प्रदेश) में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के 05 अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं। विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित जनपद से जुटाई जा रही है।
पुलिस का संदेश
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चंद्र जोशी, थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर जगदीप नेगी, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य सहित एसओजी व सीसीटीवी टीम के कुल 18 पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *