बर्फबारी के बीच अंगीठी जलाकर सोया युवक, दम घुटने से मौत
उत्तकाशी हर्षिल थाना क्षेत्र के झाला गांव में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बीच एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाकर सोना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ। अंगीठी से निकली जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेश (25) पुत्र निवासी हीना के रूप में हुई है। वह झाला स्थित एक होटल में कार्यरत था। बीती देर रात क्षेत्र में हो रही बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के चलते उसने अपने कमरे में अंगीठी जलाई और सो गया।
बुधवार सुबह जब होटल में ठहरे यात्रियों को महेश दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने इसकी सूचना होटल स्वामी को दी। स्थानीय लोगों ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर अंगीठी का धुआं भरा हुआ था और महेश मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत हर्षिल थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण धुएं से दम घुटना है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सर्द मौसम में बंद कमरों में अंगीठी या धुएं वाले हीटर का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे जान का खतरा हो सकता है।

