दिल्ली–बागडोगरा इंडिगो फ्लाइट को बम की धमकी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

Spread the love

दिल्ली–बागडोगरा इंडिगो फ्लाइट को बम की धमकी, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
नई दिल्ली/लखनऊ।
दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 को रविवार सुबह बम की धमकी मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारना पड़ा। फ्लाइट ने सुबह 09:17 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 18 जनवरी 2026 को उड़ान के दौरान सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मिलने पर तय प्रोटोकॉल के तहत विमान को लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया। संबंधित एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई और सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।
हाथ से लिखे नोट से मिली धमकी
लखनऊ के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) रजनीश वर्मा ने बताया कि विमान के शौचालय में एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा नोट मिला था, जिसमें विमान में बम होने की बात कही गई थी। इसकी जानकारी सुबह करीब 08:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल के माध्यम से मिली।
238 लोग थे सवार, सभी सुरक्षित
फ्लाइट में कुल 238 लोग सवार थे, जिनमें 222 वयस्क यात्री, 8 बच्चे, 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट शामिल थे। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
विमान को एहतियातन आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया, जहां बम निरोधक दस्ता, CISF, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और यात्रियों के सामान की गहन तलाशी ली।
अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
ACP रजनीश वर्मा के अनुसार, फिलहाल किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच जारी है और सभी सुरक्षा मानकों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बम की सूचना के बाद विमान में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *