नगर निगम हल्द्वानी ने बढ़ाया किराया: 1250 दुकानों पर प्रभाव, जल्द लागू होगा संशोधित रेट
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी–काठगोदाम अपनी स्वामित्व वाली दुकानों के किराए में बढ़ोतरी की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। निगम सीमा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 1250 दुकानें नगर निगम के स्वामित्व में हैं, जिन्हें विभिन्न किरायेदारों को आवंटित किया गया है।
सूत्रों के अनुसार वर्ष 2016–17 में दुकानों को चार जोन में वर्गीकृत कर किराया तय किया गया था। उस दौरान अधिकतम किराया ₹8 प्रति वर्गफुट प्रति माह और न्यूनतम ₹2 प्रति वर्गफुट प्रति माह निर्धारित किया गया था।
अब शहरी विकास सचिव के आदेश के बाद स्थानीय निकायों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वामित्व वाली संपत्तियों को अब न्यूनतम बाजार मूल्य से कम किराए पर आवंटित नहीं किया जाएगा। इसी आदेश के अनुपालन में नगर निगम हल्द्वानी ने किराया संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निगम प्रशासन का कहना है कि शासनादेश के अनुसार संशोधित किराया जल्द ही लागू किया जाएगा। जहां इस कदम से नगर निगम की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है, वहीं किरायेदार दुकानदारों पर बढ़े हुए किराए का सीधा असर पड़ सकता है।

