खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश की खुशहाली की कामना

Spread the love

खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश की खुशहाली की कामना

देहरादून/विकासनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाबा की महिमा अपरंपार है और वे हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले “हारे के सहारे” हैं। उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, उसकी झोली कृपा से भर जाती है।
उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं और यह दिव्य महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा की कृपा से ही उन्हें प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है और वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से जनसेवा करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कौशल के साथ समर्पण आवश्यक है। समर्पित भाव से किया गया कार्य निश्चित रूप से सफल होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, और कहा कि राज्य सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *