सी.एल. सेन मेमोरियल जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ, नन्हीं प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
अल्मोड़ा। हेमवती नंदन बहुगुणा इनडोर स्टेडियम में आयोजित स्वर्गीय सी.एल. सेन मेमोरियल जूनियर बैडमिंटन टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
आयुक्त ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया तथा आयोजन की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि उभरती प्रतिभाओं को शासन स्तर से प्रोत्साहन दिया जाएगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि बचपन से खेलों में सहभागिता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल आत्मविश्वास, क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सेन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सोसाइटी एवं जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा द्वारा 17 से 19 फरवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-8, अंडर-9, अंडर-10 और अंडर-11 वर्ग के खिलाड़ी प्रदेश भर से प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, सीडीओ रामजीशरण शर्मा, उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी, अंतरराष्ट्रीय कोच डी.के. सेन, जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुण बंग्याल, आयोजक सचिव गोकुल मेहता सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

