जनता मिलन में आयुक्त दीपक रावत सख्त – शिकायतों पर मौके पर समाधान, लालकुआ के राम प्रसाद को बिजली बिल में राहत

Spread the love

जनता मिलन में आयुक्त दीपक रावत सख्त – शिकायतों पर मौके पर समाधान, लालकुआ के राम प्रसाद को बिजली बिल में राहत

 

हल्द्वानी। शुक्रवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल, दिव्यांग प्रमाण पत्र और विद्युत बिल जैसे गंभीर मामलों को प्राथमिकता से लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुल्तानपुर पट्टी बाजपुर निवासी देवनाथ मिश्रा के पेंशन संबंधी मामले का मौके पर निस्तारण किया गया। जेल रोड हल्द्वानी की दुर्गा कोरंगा द्वारा रखे गए पारिवारिक विवाद को सुलह-समझौते से हल कराया गया। लोहरियासाल ऊंचापुल निवासी सुनीता सागुड़ी तथा मल्ला ऊंचापुल की जयश्री जोशी द्वारा संपत्ति और जमीन विवाद की शिकायतों पर तहसीलदार हल्द्वानी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ओखलकांडा निवासी त्रिलोचन ने दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत की, जिस पर आयुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। बाजपुर निवासी विधवा महिला नसीमा ने आरोप लगाया कि कर्ज चुकाने के बाद भी जमीन के मूल दस्तावेज वापस नहीं दिए जा रहे हैं। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार व थाना प्रभारी बाजपुर को उसी दिन दस्तावेज दिलाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
लालकुआ निवासी राम प्रसाद ने एक माह का ₹26,000 का बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। मौके पर जांच में पाया गया कि मीटर खराब होने के कारण रीडिंग अधिक दर्ज हो गई थी। त्रुटि सुधार के बाद बिल ₹8,000 कर दिया गया, जिसे उपभोक्ता ने जमा भी कर दिया।
इसके अलावा लामाचौड़ की राधा बिष्ट के पैतृक संपत्ति विवाद तथा नया बाजार निवासी आदेश कुमार टंडन की बैंक ऋण चुकाने के बावजूद भूमि मुक्त न होने की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कई मामलों में तत्काल राहत मिलने से फरियादियों ने संतोष जताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *