जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का सख्त रुख, भूमि घोटाले से लेकर जाम तक पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी।
मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव माननीय मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराते हुए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल संकट, रोडवेज बस अड्डे पर अनावश्यक बसों के खड़े होने से उत्पन्न जाम जैसी गंभीर शिकायतें सामने आईं।
भू-कानून उल्लंघन पर सख्त चेतावनी
काशीपुर से प्राप्त एक गंभीर शिकायत में बताया गया कि पुरानी फर्म के आधार पर पांच नई कंपनियां बनाकर भू-कानून का उल्लंघन करते हुए विभिन्न स्थानों पर भूमि क्रय की गई तथा भूमि दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनवाए गए।
इस पर आयुक्त ने उपजिलाधिकारी को शीघ्र जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए और कहा कि इस प्रकार के कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रोडवेज बस अड्डा व कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र में जाम से मिलेगी राहत
हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डा एवं कालूसिद्ध मंदिर के आसपास बसों व ठेला-रेहड़ी के कारण लगने वाले जाम की शिकायत पर आयुक्त ने पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोडवेज स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग पर किसी भी निजी या रोडवेज बस द्वारा यात्रियों को नहीं बैठाया जाएगा। इसके लिए नियमित चेकिंग कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र में ठेला-रेहड़ी हटाने के निर्देश भी दिए गए।
लोनिवि के कार्यों की होगी गुणवत्ता जांच
रामनगर के मालधचौड़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायत पर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
धनराशि वापसी पर लोगों ने जताया आभार
जनसुनवाई में भूमि क्रय एवं लेन-देन से जुड़े कई मामलों में शिकायतकर्ताओं की धनराशि मौके पर ही वापस कराई गई तथा संबंधित व्यक्तियों द्वारा चेक भी उपलब्ध कराए गए। इससे संतुष्ट होकर लोगों ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
बनभूलपुरा और गांधीनगर की समस्याओं पर निर्देश
बनभूलपुरा क्षेत्र के निवासियों ने इंद्रानगर, किदवई नगर, उजाला नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नालियों पर जाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व विद्युत संबंधी समस्याएं उठाईं, जिस पर आयुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं गांधीनगर क्षेत्र में पैदल मार्ग, ड्रेनेज सिस्टम, काठगोदाम क्षेत्र में भूमि विवाद व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर राजस्व विभाग को मौके पर सरकारी भूमि चिह्नित कर सीमांकन कराने के निर्देश दिए गए।

