आवारा पशुओं से फसल नुकसान, पेयजल-विद्युत-सड़क-भूमि-स्वास्थ्य पर बड़ी राहत – बहुउद्देश्यीय शिविर में 215 समस्याओं का निस्तारण, 500 से अधिक लोगों को मिला लाभ
कोटाबाग (बैलपड़ाव)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड कोटाबाग के बैलपड़ाव में आयोजित बहुद्देशीय शिविर में क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। शिविर में आवारा पशुओं से फसल नुकसान, पेयजल, विद्युत, सड़क, भूमि और स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं जनता की समस्याएं सुनीं और 215 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से 500 से अधिक लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण किसानों ने जंगली व आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, सिंचाई नहरों व गूलों की मरम्मत, पेयजल संकट तथा विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं, जबकि कृषि, समाज कल्याण, राजस्व, श्रम व अन्य विभागों ने मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

