सेवारत व पूर्व सैनिकों के आश्रितों को भी मिलेगी कानूनी सहायता जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

Spread the love

सेवारत व पूर्व सैनिकों के आश्रितों को भी मिलेगी कानूनी सहायता
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
हल्द्वानी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के तत्वाधान में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, हल्द्वानी में स्थापित लीगल सर्विस क्लीनिक में मंगलवार को नालसा वीर परिवार सहायता योजना–2025 के अंतर्गत विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं सिविल जज (सी०डी०) श्रीमती पारूल थपलियाल ने उपस्थित पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनकी पत्नियों एवं आश्रित बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है। इसमें निःशुल्क अधिवक्ता, कानूनी परामर्श एवं वादों से संबंधित मार्गदर्शन शामिल है।
सचिव ने कहा कि सैनिक परिवार किसी भी प्रकार की विधिक समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इच्छुक पूर्व सैनिक पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) के रूप में कार्य कर सकते हैं, जिससे सैनिक परिवारों को बेहतर विधिक जानकारी उपलब्ध हो सके। इस सेवा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य सैनिकों एवं उनके परिवारों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में कर्नल एस०के० जोशी (शौर्य चक्र, सेना मेडल), कर्नल रमेश सिंह (अ०प्रा०), कर्नल बी०एस० रौतेला, मेजर के०एस० महर, कैप्टन मदन सिंह राठौर, श्रीमती उमा भंडारी, श्रीमती नीमा जोशी (पीएलवी) सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, उनके आश्रित एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लगभग 40 पूर्व सैनिकों एवं 10 वीर नारियों एवं उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से सैनिक परिवारों को विधिक सहायता योजनाओं और उनके अधिकारों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *