टेलिग्राम ठगों का डिजिटल हमला! युवक के दो खाते उड़ाए, 1.83 लाख पर किया हाथ साफ
साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र में टेलिग्राम मोबाइल एप के जरिए ठगों ने ऐसा डिजिटल जाल बिछाया कि एक युवक के दो बैंक खाते खाली कर दिए गए। ठगों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1.83 लाख रुपये की रकम निकाल ली।
मंगलौर नगर के मोहल्ला पठानपुरा निवासी अमन के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने टेलिग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया और विश्वास में लेकर बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे ठगों ने चालाकी से उसकी बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। जानकारी मिलते ही ठगों ने बिना देर किए उसके दो खातों से रकम उड़ा ली।
जब मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के लगातार मैसेज आने लगे, तब अमन के पैरों तले जमीन खिसक गई। खुद को ठगी का शिकार समझते हुए उसने तुरंत पुलिस की शरण ली और पूरी घटना से अवगत कराया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम जनता से सख्त अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या मोबाइल एप के झांसे में न आएं और अपनी निजी व बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें, वरना साइबर ठग पलक झपकते ही खाते खाली कर सकते हैं।

