हाईस्कूल-इंटर में दिव्यांग परीक्षार्थियों को मिलेगा एक घंटा अतिरिक्त समय, आदेश जारी

Spread the love

हाईस्कूल-इंटर में दिव्यांग परीक्षार्थियों को मिलेगा एक घंटा अतिरिक्त समय, आदेश जारी

बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले दिव्यांग परीक्षार्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट के हिसाब से कुल एक घंटा अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद सिमल्टी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, ऐसे परीक्षार्थी जो देखने या लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें प्रश्नपत्र हल करने के लिए श्रुति लेखक (सहायक लेखक) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे दिव्यांग विद्यार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा देने में मदद मिलेगी।
इस वर्ष प्रदेशभर में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में कुल 272 दिव्यांग परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें हाईस्कूल के 159 तथा इंटरमीडिएट के 113 परीक्षार्थी हैं। वहीं ऊधमसिंह नगर जिले से 29 दिव्यांग विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
श्रुति लेखक की सुविधा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को अपने-अपने जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करना अनिवार्य होगा। इसके बाद विभाग द्वारा संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहले से ही सहायक लेखक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद इस निर्णय को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समान अवसर और सहूलियत की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे वे बिना किसी अतिरिक्त दबाव के परीक्षा दे सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *