मानचित्र स्वीकृति में देरी पर सख्त जिलाधिकारी — 15 दिन में आवासीय, 30 दिन में गैर-आवासीय नक्शे पास करने के निर्देश

Spread the love

मानचित्र स्वीकृति में देरी पर सख्त जिलाधिकारी — 15 दिन में आवासीय, 30 दिन में गैर-आवासीय नक्शे पास करने के निर्देश

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्राधिकरण के सचिव, संयुक्त सचिव समेत सभी अभियंता मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने जनपद में लंबित आवासीय और गैर-आवासीय मानचित्रों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासीय मानचित्र अधिकतम 15 दिन और गैर-आवासीय मानचित्र 30 दिन के भीतर स्वीकृत किए जाएं। जिन मानचित्रों में आपत्ति हो, उनमें एक ही बार में सभी आपत्तियां स्पष्ट विवरण सहित आवेदक को उपलब्ध कराई जाएं ताकि समयबद्ध समाधान हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में अन्य विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र आवश्यक है, वहां संबंधित विभागों को प्रत्येक सप्ताह अनुस्मारक पत्र भेजा जाए। साथ ही सभी सहायक एवं अवर अभियंताओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और साप्ताहिक समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार हो, किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में मानचित्र पास न होने या शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सचिव और संयुक्त सचिव को भी निर्देशित किया कि वे समय-समय पर अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक और क्षेत्रीय निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी कार्य तय समय में पूरे हों।
बैठक में सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, संयुक्त सचिव गोपाल सिंह चौहान सहित सभी सहायक एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *