CM धामी की मौजूदगी में भावना आर्या समेत 30+ सदस्यों की BJP में एंट्री
भीमताल/धारी। धारी क्षेत्र की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर नई राजनीतिक शुरुआत की। लेटीबुंगा स्थित हिमगिरी स्टेडियम में आयोजित समारोह में जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने उन्हें विधिवत पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
कार्यक्रम स्थल पर कमल खिलने का उत्साह स्पष्ट नजर आया। मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “भावना आर्या जैसी सक्रिय और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के शामिल होने से धारी क्षेत्र में विकास और संगठन दोनों को नई गति मिलेगी।” उन्होंने इसे जनता के विश्वास और सरकार की नीतियों की जीत बताया।
भावना आर्या ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट और विधायक राम सिंह कैड़ा की नीतियों से प्रभावित होकर BJP में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास व जनता की समस्याओं के समाधान को वे सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।
भावना आर्या के साथ 30 से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और कई स्थानीय लोगों ने भी BJP की सदस्यता ली, जिससे कार्यक्रम में भारी उत्साह देखने को मिला।

