सीएसआर की मिसाल – सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल ने शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को समर्पित किए चार आवास

Spread the love

सीएसआर की मिसाल – सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल ने शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को समर्पित किए चार आवास
लालकुआं।
सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों की चार वीरांगनाओं के लिए रानीखेत कैंट के बिरला ब्लॉक में चार आवासों का निर्माण कराया है। इन आवासों को विधिवत रूप से कुमाऊं रेजीमेंट को समर्पित किया गया।
आदित्य बिरला ग्रुप के प्रबंध निदेशक आर.के. डालमिया के निर्देशन में सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल द्वारा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह सराहनीय सामाजिक पहल की गई है। युद्ध विधवाओं के लिए निर्मित इन आवासों का उद्घाटन सेंचुरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता एवं कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर एस.के. यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
यह पहल उन वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। सेंचुरी द्वारा निर्मित यह आवासीय सुविधा युद्ध विधवाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक जीवन प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज, राष्ट्र और विशेष रूप से सशस्त्र बलों के परिवारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना सेंचुरी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कंपनी अपनी सामाजिक दायित्व योजना के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में सेंचुरी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा, अशोक हॉल गर्ल्स स्कूल मछखाली की उपप्रधानाचार्या कैप्टन उमा, रवि पाठक सहित अनेक सेना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *