हल्द्वानी चलती टाटा पंच कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। कार सवार चालक ने समय रहते वाहन से उतरकर अपनी जान बचाई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांधी आश्रम पीपलपोखरा नंबर-1 निवासी करण नेगी अपनी टाटा पंच कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे खड़ा किया और बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी बना ली।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि आग लगने की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, हालांकि वाहन पूरी तरह से जल गया है।
दमकल टीम में भुवन चंद्र जोशी, अनुज शर्मा, श्याम सिंह नैनवाल, प्रेम प्रकाश राणा, देवेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

