हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चंदन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी की गई लकड़ी व औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 जनवरी 2026 को रामपुर रोड स्थित डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चंद्र डालाकोटी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि उनके परिसर से अज्ञात चोर चंदन का कीमती पेड़ काटकर ले गए। इस पर कोतवाली में एफआईआर संख्या 24/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर 22 फरवरी को सुशीला तिवारी अस्पताल तिराहे के पास से आरोपी कमल ढाली को गिरफ्तार किया।
बरामदगी:
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चंदन की लकड़ी के छह टुकड़े, एक आरी, बसुली, रेती और चार दस्ताने बरामद किए। बरामद लकड़ी का घटनास्थल के ठूंठ से मिलान करने पर बनावट और नाप समान पाए गए।
जेल में बनी थी प्लानिंग
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात जेल में इन्द्रजीत राय नामक अपराधी से हुई थी, जिसके साथ मिलकर उसने चोरी की योजना बनाई। 19 जनवरी की रात दोनों यामाहा R15 बाइक से हल्द्वानी आए और पेड़ काटने के बाद सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए ताकि पहचान न हो सके। चोरी की लकड़ी को कानपुर में लगभग ₹1800 प्रति किलो बेचने की तैयारी थी।
गिरफ्तार आरोपी कमल ढाली पुत्र किशनो ढाली निवासी सूरज फार्म ओझा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उ.प्र.) पहले भी चंदन तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मान सिंह, कांस्टेबल कमलेश सिंह नौला और कांस्टेबल संतोष बिष्ट शामिल रहे।

