तीसरे दिन फिर धमकी से दहला हाईकोर्ट – आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने खुद संभाली कमान, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

Spread the love

तीसरे दिन फिर धमकी से दहला हाईकोर्ट आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने खुद संभाली कमान, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
नैनीताल। उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय को लगातार तीसरे दिन धमकी भरा ई-मेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया और पूरे न्यायालय परिसर को कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। कुमायूँ परिक्षेत्र की आईजी श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
आईजी के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा, सीएसओ राकेश बिष्ट समेत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एंटी-सैबोटाज जांच, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर प्रत्येक आगंतुक की गहन जांच सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा पीएसी की एक कंपनी तथा एटीएस की टीम भी तैनात कर दी गई है। बाहरी व्यक्तियों की एंट्री अब केवल अधिकृत पत्र के आधार पर ही दी जा रही है और सभी आगंतुकों का पूरा विवरण अलग रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की 24×7 मॉनिटरिंग और साइबर सेल द्वारा ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच तेज कर दी गई है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने एसएसपी नैनीताल को उच्च न्यायालय की सुरक्षा का विस्तृत ऑडिट कर निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा है।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य एसटीएफ और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी व खुफिया स्तर पर जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया है कि न्यायालय की सुरक्षा, गरिमा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *