ऑपरेशन क्रैकडाउन का असर – बनभूलपुरा में दो तमंचे व 17 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दो अवैध तमंचों और 17 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
एसएसपी के आदेशानुसार जिले को अपराधमुक्त बनाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल व सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति घर में तमंचा रखकर परिजनों को धमकाता है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गौजाजाली उत्तर निवासी मोबिन खान (60) को घर से हिरासत में लिया। परिजनों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, 2 कारतूस 315 बोर, 4 कारतूस 12 बोर, 1 कारतूस 7.62 बोर और 10 कारतूस 7.65 बोर बरामद किए।
आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में धारा 3/25 व 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में पूर्व में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है, जिसमें उसे सात वर्ष की सजा हुई थी और मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में अपील पर विचाराधीन है। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में उसे शिक्षा विभाग से बर्खास्त किया गया था।
पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील:
जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या स्थानीय थाना को दें, क्योंकि आपकी एक सूचना अपराध रोकने में अहम साबित हो सकती है।

