शादी का झांसा, कैद और हैवानियत – दुष्कर्म — आठ महीने तक युवती पर जुल्म ढाने वाला आरोपी सलाखों के पीछे

Spread the love

शादी का झांसा, कैद और हैवानियत – दुष्कर्म — आठ महीने तक युवती पर जुल्म ढाने वाला आरोपी सलाखों के पीछे

नैनीताल जिले से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज की सुरक्षा व्यवस्था और इंसानियत दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भवाली कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को शादी का झांसा देकर अगवा करने, महीनों तक बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने और दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार खैरना क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गरमपानी में नाई की दुकान पर काम करने वाला सुहैल (निवासी नेहटौर, बिजनौर) उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया था। तहरीर मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू की।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि आरोपी को शनिवार को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया गया और युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। पीड़िता के बयान ने पूरे मामले की भयावहता उजागर कर दी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे शादी का भरोसा देकर अपने साथ ले गया, लेकिन बाद में मुकर गया और आठ महीने तक कैद में रखकर उसके साथ मारपीट करता रहा तथा घर लौटने नहीं दिया।
युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट की धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि भरोसे की आड़ में की गई दरिंदगी का उदाहरण है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ऐसे दरिंदे मासूम बेटियों को झूठे वादों के जाल में फंसाकर उनकी जिंदगी से खेलते रहेंगे? समाज और कानून दोनों को मिलकर ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देना होगा, ताकि कोई भी व्यक्ति रिश्ते और भरोसे का नाम लेकर अपराध करने की हिम्मत न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *