बाघ की सुरक्षा से खिलवाड़ – दो जिप्सी चालक व दो गाइडों पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध
रामनगर।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन में बाघ के पास नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो जिप्सी चालकों और दो नेचर गाइडों को अनिश्चितकालीन रूप से जोन में प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया है।
फाटो जोन के रेंजर कृपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, 13 जनवरी की सुबह सफारी के दौरान बाघ दिखाई देने पर दो जिप्सी चालक लापरवाही बरतते हुए तेज रफ्तार में जिप्सी को बाघ के बेहद पास ले गए। यह कृत्य न केवल वन्यजीव सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन था, बल्कि पर्यटकों और बाघ—दोनों के लिए गंभीर खतरा भी बन सकता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वनाधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। जांच में दोषी पाए जाने पर जिप्सी चालक अमजद व शमशाद तथा नेचर गाइड आशीष दफौटी व राज कराकोटी को फाटो जोन में अनिश्चितकाल के लिए बैन कर दिया गया है।
वन विभाग ने दो टूक चेतावनी दी है कि बाघ और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।

