दूध-पनीर-नमकीन की जांच से मचा हड़कंप, अस्वच्छ पनीर मौके पर नष्ट –
(खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई) -संदिग्ध पनीर नष्ट, 3 कारोबारियों को नोटिस
रामनगर। होली पर्व से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार तड़के रामनगर के हल्दुवा चौक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाले खाद्य आपूर्ति वाहनों के खिलाफ आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आपूर्तिकर्ताओं और कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान लगभग तीन दर्जन से अधिक वाहनों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद, ब्रेड, नमकीन, बिस्कुट और अन्य खाद्य सामग्री का परिवहन पाया गया। संदेह के आधार पर टीम ने कुल 9 खाद्य नमूने लिए, जिनमें 3 दूध, 2 पनीर, 2 ब्रेड, 1 नमकीन और 1 रस्क बिस्कुट शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट में मानक से कम पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान मुरादाबाद क्षेत्र से आई एक मारुति वैन में खुले में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा आधा कुंतल से अधिक पनीर खाद्य मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। टीम ने जनहित में उक्त पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर तीन खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
यह संयुक्त कार्रवाई जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में, सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान की टीम ने पुलिस-प्रशासन के सहयोग से की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मावा और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने से मिलावट की आशंका रहती है, इसलिए विशेष निगरानी रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे केवल लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें, बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करें तथा खरीद-फरोख्त का दैनिक रिकॉर्ड रखें। आम जनता से भी अपील की गई है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण व उपभोग तिथि तथा लाइसेंस विवरण अवश्य जांचें। संदिग्ध या निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की सूचना टोल-फ्री नंबर 18001804246 पर दी जा सकती है।

