दिनदहाड़े जंगलराज! – लकड़ी काट रही महिला पर दो तेंदुओं का खूनी हमला, इलाके में दहशत

Spread the love

दिनदहाड़े जंगलराज!  लकड़ी काट रही महिला पर दो तेंदुओं का खूनी हमला, इलाके में दहशत

अल्मोड़ा जिले के ताकुला विकासखंड में बिनसर वन्यजीव अभयारण्य से सटे गांव में तेंदुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दिनदहाड़े घर के पास लकड़ी काट रही एक महिला पर दो तेंदुओं ने जानलेवा हमला कर दिया। तेंदुओं के पंजों से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना भैसोड़ी गांव की है, जहां अपराह्न करीब दो बजे प्रेमा देवी (28) पत्नी मनीष पांडे अपने घर के समीप लकड़ी काट रही थीं। तभी जंगल की ओर से आए दो तेंदुओं ने अचानक उस पर हमला कर दिया। महिला के चीख-पुकार मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुए जंगल की ओर फरार हो गए।
हमले के दौरान महिला ने साहस का परिचय देते हुए हाथ में मौजूद लकड़ी से तेंदुओं पर वार कर किसी तरह अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान सुनील बाराकोटी, सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर जोशी व सरपंच डुंगर सिंह ने वन विभाग और बिनसर वन्यजीव अभयारण्य प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना है कि सीमा विवाद के चलते घटनाओं के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों पर तत्काल ठोस कार्रवाई, गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाए जाने की मांग की है।
इस संबंध में डीएफओ सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा प्रदीप धौलाखंडी ने बताया कि महिला पर तेंदुए के हमले की सूचना मिली है। बिनसर रेंज अधिकारी ने मौके पर जाकर पीड़िता का हालचाल लिया है। शनिवार को विभागीय टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच करेगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *