कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Spread the love

कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने कलेक्ट्रेट का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

अल्मोड़ा। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा और अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी को अधीनस्थ न्यायालयों में चल रहे मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण और उनके डिजिटलीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बस्तों पर वर्षवार स्टीकर लगाए जाएं, जिससे अभिलेखों को ढूंढना आसान हो सके। साथ ही आजादी से पूर्व के दस्तावेजों को अलग सुरक्षित रखने की व्यवस्था करने को भी कहा।
कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी सेवाएं नागरिकों तक त्वरित, पारदर्शी और बिना अनावश्यक देरी के पहुंचें। उन्होंने जनसेवा में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी और पटल सहायक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *