कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत की अल्मोड़ा में समीक्षा बैठक, योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश
अल्मोड़ा। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा भ्रमण के दौरान विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना तथा केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और प्रत्येक विभाग को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सड़कों के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही प्राधिकरण से संबंधित विकासात्मक गतिविधियों की भी गहन समीक्षा कर जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपेक्षित परिणाम मिल सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण और नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही नशे और मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला तोड़ने के लिए ठोस कार्रवाई करते हुए जनपद को नशा-मुक्त बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास करने को कहा।
कुमाऊँ कमिश्नर ने पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंशों के लिए कन्हावन योजना तथा शिक्षा स्वयंसेवक योजना जैसी पहलों की सराहना की।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

