लालकुआं। माह-ए-रमजान की मुकद्दस और रूहानी फिजाओं के दरमियान नगर की जामा मस्जिद में तरावीह की नमाज के दौरान कुरान-ए-पाक मुकम्मल होने पर जश्न-ए-कुरान का शानदार और पुरनूर कार्यक्रम अकीदत व एहतराम के साथ आयोजित किया गया। इस मौके पर मस्जिद परिसर में नमाजियों, अकीदतमंदों और अहल-ए-मोहल्ला की भारी तादाद उमड़ी, जिससे पूरा माहौल रूहानियत से सराबोर नजर आया।
18 फरवरी को रमजान का चांद नजर आने के साथ ही जामा मस्जिद में तरावीह की नमाज का सिलसिला शुरू हुआ था। पूरे रमजान शरीफ के दौरान बड़ी संख्या में नमाजियों ने तरावीह में शिरकत कर इबादत का सवाब हासिल किया। सोमवार की रात जब कुरान-ए-पाक मुकम्मल हुआ तो मस्जिद का माहौल निहायत जज्बाती और पुरनूर हो गया।
तरावीह की नमाज इमाम हसीन रजा ने अदा कराई। कुरान मुकम्मल होने पर नमाजियों ने उन्हें फूल-मालाओं से इस्तकबाल कर दिली मुबारकबाद पेश की। इस दौरान अल्लाह तबारक व तआला की बारगाह में हाथ उठाकर मुल्क व दुनिया में अमन-ओ-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई। साथ ही समाज में मोहब्बत, भाईचारा और आपसी इत्तेहाद कायम रहने की भी दुआ की गई।
कार्यक्रम के दौरान उलेमा-ए-कराम ने अपनी तकरीरों में कुरान की तालीमात और इस्लाम के पैगाम को बयान करते हुए लोगों को हुजूर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत पर चलने की नसीहत की। उन्होंने कहा कि रमजान का पाक महीना सब्र, रहमत, इबादत और जरूरतमंदों की मदद का पैगाम देता है।
इस मौके पर मस्जिद में खिदमत अंजाम दे रहे नायब इमाम हाफिज फईम रज़ा, हाफिज उज्जैन रज़ा, एतिकाफ में बैठे हाफिज गुफरान रज़ा, हाफिज रायन रज़ा तथा कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले साजिद भाई समेत मस्जिद की युवा कमेटी व अन्य खादिमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सदर सफी अहमद ने कार्यक्रम में पहुंचे तमाम आवाम का शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम का संचालन फिरोज़ खान ने किया, साथ ही कमेटी के एक वर्ष की आमदनी और खर्च का हिसाब भी पेश किया गया।
कार्यक्रम के आखिर में मौजूद तमाम अकीदतमंदों के बीच तबर्रुख और मिष्ठान तक्सीम किया गया। इसके बाद नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर तरावीह मुकम्मल होने की मुबारकबाद पेश की और पुरनूर माहौल में कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर गुलाम नबी गामा, शफी अहमद, बिल्लू भाई, नफीस खान, फिरोज़ खान, शाने आलम, बिस्मिल खान, शमशाद खान, मुख्तयार अहमद, हाजी रहीश, अंसार आलम, माजिद अली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पोर्टल संपादक – पत्रकार सानू लालकुआं
समाचार पत्र – ब्यूरो चीफ
नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं दुग्ध संघ सलाहकार व मिडिया प्रभारी
उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन मीडिया प्रभारी विधान सभा लालकुआं

