रामनगर में तेंदुए का आतंक – BJP नेता के घर में घुसकर पालतू कुत्ते को उठा ले गया गुलदार नैनीताल में एक महीने में पांचवीं वन्यजीव घटना, CCTV में कैद – वारदात से दहशत

Spread the love

रामनगर में तेंदुए का आतंक – BJP नेता के घर में घुसकर पालतू कुत्ते को उठा ले गया गुलदार
नैनीताल में एक महीने में पांचवीं वन्यजीव  घटना, CCTV में कैद वारदात से दहशत
रामनगर (नैनीताल)।
नैनीताल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार खतरनाक रूप लेता जा रहा है। ताजा मामला रामनगर के किशनपुर छोई क्षेत्र का है, जहां देर रात एक तेंदुआ (गुलदार) पूर्व प्रधान भगवती जोशी और वरिष्ठ भाजपा नेता हेम जोशी के आवासीय परिसर में घुस आया। तेंदुए ने घर के आंगन में बैठे पालतू कुत्ते पर झपट्टा मारा और उसे उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर मौजूद थे। अचानक कुत्ते की चीख-पुकार सुनाई दी, लेकिन इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, तेंदुआ शिकार को लेकर जंगल की ओर जा चुका था। सुबह घटना की जानकारी फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
वन विभाग अलर्ट, गश्त बढ़ाई
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग ने क्षेत्रवासियों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, बच्चों व बुजुर्गों को अकेले बाहर न निकलने तथा पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
वन विभाग के अनुसार, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नाइट गश्त बढ़ाई गई है और जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किशनपुर छोई और आसपास के गांवों में गुलदार की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। रिहायशी इलाके में घर के भीतर घुसकर हुई इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
एक महीने में पांच घटनाएं, वन्यजीव हमलों से दहशत
▪️ पहली घटना –
तीन दिन पहले रामनगर क्षेत्र में एक युवक पर बाघ ने हमला कर उसे करीब 2 किलोमीटर जंगल के भीतर घसीट लिया, जहां उसकी मौत हो गई। शव जंगल में घास-लकड़ी लेने गई महिलाओं ने देखा।
▪️ दूसरी घटना –
रामनगर क्षेत्र में बाघ की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।
▪️ तीसरी घटना (22 दिन पहले) –
नैनीताल के धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली (तोक धुरा) में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसकी मौके पर ही जान ले ली। महिला मवेशियों के लिए चारा लेने जा रही थी।
▪️ चौथी घटना (17 जनवरी) –
रामनगर में एक युवक को बाघ ने मार डाला, जिसका शव जंगल से बरामद किया गया।
▪️ पांचवीं घटना (20 जनवरी) –
रामनगर के किशनपुर छोई क्षेत्र में BJP नेता के घर में घुसकर गुलदार ने पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *