उधम सिंह नगर से दिल्ली तक कांग्रेस की सियासी हुंकार
लालकुआँ / किच्छा (उधम सिंह नगर)।
जिला उधम सिंह नगर में कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा और राजनीतिक हलचल साफ दिखाई दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा के दूसरी बार नियुक्त होने के बाद पहली बार किच्छा मंडी गेस्ट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, जमीनी स्तर पर सक्रियता और आगामी आंदोलनों को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने एकमत से ऐलान किया कि 14 दिसंबर को कांग्रेस के “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत कार्यकर्ता अपनी-अपनी निजी गाड़ियों से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ दिल्ली कूच करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय पंचायत, ग्राम सभा और वार्ड स्तर तक लगातार बैठकें कर सक्रिय और कर्मठ कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा।
उन्होंने दो टूक कहा, “कोई भी व्यक्ति संगठन से ऊपर नहीं है। यदि कांग्रेस मजबूती से एकजुट होकर कार्य करे, तो उधम सिंह नगर की सभी विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित की जा सकती है।”
इधर लालकुआँ क्षेत्र में भी दिल्ली कूच को लेकर कांग्रेस का जोश चरम पर नजर आया। कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली में आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ आंदोलन में भागीदारी के लिए उत्तराखंड महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
महिला कांग्रेस नेत्री बीना जोशी के नेतृत्व में लालकुआँ, बिंदुखत्ता और बरेली रोड क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं आंदोलन में शामिल होने निकलीं।
दिल्ली रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन के समीप महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। बीना जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त है और अब प्रदेश व देश बदलाव चाहता है। उन्होंने बताया कि आंदोलन की औपचारिक शुरुआत 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान से होगी और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
इस दौरान महिला कांग्रेस की जया कर्नाटक, गीता पवार, नंदा बिष्ट, पुष्पा तिवारी, रजनी, संगीता देवी, श्यामा जी, जया शर्मा, शालू शर्मा, मुन्नी पंत, सविता, कनक जीना और ललिता देवी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
वहीं किच्छा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, उत्तराखंड कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय, कांग्रेस सचिव विनोद कोरंगा, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार बजाज, फिरदौस सलमानी, अरुण तनेजा, हांजी रईस अहमद, एम.यू. खान, बंटी पपनेजा, खालिद जावेद और एडवोकेट रिजवान सहित कई नेताओं ने सरकार पर वर्ग विशेष को परेशान करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि मौजूदा हालात में कांग्रेस को जनता के सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है और पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज बनेगी।

