झूठी मारपीट व फायरिंग की सूचना देकर पुलिस को दौड़ाया, मुखानी पुलिस ने ठोका 5 हजार का जुर्माना
डायल 112 से खिलवाड़ किया तो खैर नहीं, उत्तराखंड पुलिस का सख्त संदेश
हल्द्वानी। डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। मुखानी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उसकी पोल खोली, बल्कि पुलिस एक्ट के तहत 5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल लिया।
मंगलवार रात 10:23 बजे तुषार कबड़वाल निवासी मल्ला फतेहपुर, ऊंचापुल थाना मुखानी ने डायल 112 पर कॉल कर दावा किया कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी ने बिना देर किए रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह व पीसीआर टीम को मौके पर रवाना किया।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो सच्चाई कुछ और ही निकली। वहां न कोई फायरिंग हुई थी और न ही हालात वैसे थे जैसा बताया गया। मामला केवल आपसी कहासुनी और मामूली झगड़े का निकला। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश सामने आते ही कॉलर को थाने लाया गया।
पुलिस ने तुषार कवड़वाल पुत्र देवेंद्र चंद्र निवासी मल्ला फतेहपुर, कटघरिया के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹5000 का चालान काट दिया।
नैनीताल पुलिस ने दो टूक कहा है कि डायल 112 कोई मजाक नहीं है। आपातकालीन सेवा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। झूठी सूचना देकर पुलिस बल और संसाधनों को भटकाने की कोशिश करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।

