नेपाल रात्रि 1 बजे त्रासदी — पृथ्वी हाईवे बना मौत का रास्ता – नदी में गिरी बस, चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू अभियान, 6 महिलाएं सहित 18 मृत, 27 घायल

Spread the love

रात 1 बजे त्रासदी — पृथ्वी हाईवे बना मौत का रास्ता – नदी में गिरी बस, चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू अभियान, 6 महिलाएं सहित 18 मृत, 27 घायल
नेपाल में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में गिर गई, जिससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। मृतकों में 6 महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 1:15 बजे बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड-3 स्थित चरौंडी के पास चिनाधारा इलाके में हुई। बस पृथ्वी हाईवे से गुजर रही थी, तभी अचानक नियंत्रण खोकर सड़क से उतर गई और लगभग 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी किनारे जा गिरी। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।
घायलों में आठ महिलाएं, अठारह पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल बचाकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात का समय, अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, फिर भी बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद यात्रियों को बाहर निकाला।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बस चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *