उत्तरायणी कौतिक मेले के तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
लोकनृत्य प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
लालकुआं।
जनता इंटर कॉलेज मेला मैदान, बिंदुखत्ता में आयोजित पांच दिवसीय उत्तरायणी कौतिक एवं मेला के तीसरे दिन बुधवार को सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा, प्रमोद कॉलोनी एवं राजेंद्र खनवाल के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। यह पारंपरिक मेला 16 जनवरी तक चलेगा।
मेले के तीसरे दिन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के मध्य लोकनृत्य प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें हाट कालिका इंटर कॉलेज, दानू इंटर कॉलेज, डॉ. सुशीला तिवारी इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, मानवता पब्लिक स्कूल, ग्रेट मदर टेरेसा स्कूल एवं सेंट ला मार्ट स्कूल सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यह प्रतियोगिता आगामी तीन दिनों तक आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक एवं सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। इसके साथ ही उत्तराखंड संस्कृति एवं सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीमों तथा स्थानीय कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर निबंध, चित्रकला, मेहंदी, कबड्डी सहित अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि हरीश चंद्र दुर्गापाल ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मंच से स्वयं प्रसिद्ध लोकगीत “बेडू पाको बारो मासा” गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बड़ी संख्या में गणमान्य रहे उपस्थित
खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के दौरान मेला समिति के संरक्षक देवी दत्त पांडे, प्रबंधक प्रभात पाल, मेला अधिकारी अजय गर्बयाल, सचिव प्रेम दानू, कोषाध्यक्ष नवीन पपोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कॉलोनी, उपाध्यक्ष पुष्कर दानू, उपसचिव विजय सामंत, मीडिया प्रभारी विपिन जोशी सहित प्रकाश मिश्रा, शिवराज बिष्ट, रणजीत मेहरा, संजय टाकूली, जीवन रावत, के. सुंदर सिंह खनका, कमलेश पाठक, इंदर सिंह पनेरी, कमल दानू, बीना जोशी, सीमा रावत, पंकज बिष्ट, लक्ष्मण भंडारी, अमित दानू, महेश फुलारा, ललित धामी, बसंत धामी, भागीरथी दानू, चेतन पांडे, अनीता गोस्वामी, शेर सिंह दानू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
आगे होंगे ये कार्यक्रम
मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि 15 एवं 16 जनवरी को दिन में लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं समापन दिवस 16 जनवरी को आयोजित भव्य स्टार नाइट में प्रसिद्ध लोक गायक माया उपाध्याय, जितेंद्र तोमक्याल, अमित बाबू गोस्वामी, शेर सिंह दानू, दीक्षा तोमक्याल एवं चेतन पांडे सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

