काशीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक रेलवे स्कूल परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने की, जबकि संचालन एसोसिएशन के सचिव एस.एस. सिन्हा ने किया।
बैठक में सुरेश शर्मा ने कहा कि 22 फरवरी तक भी केंद्र सरकार ने रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जनवरी माह के महंगाई भत्ते (डीए) की घोषणा नहीं की है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द 3 से 4 प्रतिशत डीए वृद्धि की घोषणा करने की मांग की। साथ ही 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने तक पेंशनर्स को अंतरिम राहत दिए जाने तथा ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग भी उठाई गई। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की लंबित मांगों पर केंद्र सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि शाखा सचिव एस.एस. सिन्हा लंबे समय से अस्वस्थ हैं, इसके बावजूद वे बैठक में शामिल हुए। सभी सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। आगामी 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर पेंशनर्स से अपील की गई कि वे अपनी पत्नियों को भी कार्यक्रम में साथ लाएं ताकि महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर शाखा के ट्रेजरार राजीव पाल और संजय राय सहित अन्य वक्ताओं ने भी पेंशनर्स के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। बैठक में पांच पेंशनर्स—सुदर्शन विश्वकर्मा, सुभाष चंद्र घोषाल, एस.के. अवस्थी, दयाराम और गुलफाम सिंह—का जन्मदिन माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और लड्डू खिलाकर धूमधाम से मनाया गया।
बैठक में संजय राय, वीरेंद्र पाल, कृष्ण पाल सिंह, सुरेश कुमार, रहीश अहमद, शब्बन खान, लालता प्रसाद, एस.एम. परमार, राजकुमार, जौहर अली सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

