लालकुआँ नगर पंचायत में 18 फरवरी को लगेगा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर
लालकुआँ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुँचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत जनपद नैनीताल के नगर पंचायत कार्यालय परिसर, लालकुआँ में 18 फरवरी 2026 को बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल करेंगे।
शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही नागरिक अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनका मौके पर ही त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर सेवाएँ उपलब्ध कराएँगे।
राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुँचे। इसी उद्देश्य से ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुँचाया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित सेवा सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएँ और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें। यह आयोजन सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

