चौक बाजार स्थित प्राइमरी स्कूल की जर्जर दीवार से गिरा प्लास्टर, मची भगदड़
हल्द्वानी। चौक बाजार स्थित प्राइमरी स्कूल की दीवार से शनिवार शाम अचानक प्लास्टर और पत्थर सड़क पर गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बाजार में ठेले वाले और राहगीर मौजूद थे, जिससे जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। गनीमत रही कि उस दिन विद्यालय में अवकाश था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
चौक बाजार में स्थित यह तिमंजिला भवन प्राइमरी स्कूल के रूप में संचालित है। भवन की पहली और दूसरी मंजिल में कक्षाएं चलती हैं, जहां 60 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, जबकि भू-तल में नगर निगम की दुकानें हैं। शनिवार शाम अचानक स्कूल की झांप और दीवार का प्लास्टर गिरने लगा, जिसके साथ पत्थर भी नीचे आ गिरे। इससे बाजार में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। समाजसेवी प्रेम बेलवाल ने बताया कि विद्यालय की जर्जर हालत के बारे में वे कई बार जिला शिक्षा अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल खुला होता तो बच्चों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। प्लास्टर गिरने के बाद अब भवन की दीवारों में सरिया तक नजर आने लगा है।
घटना के बाद शिक्षा विभाग ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) नैनीताल एचबी चंद ने बताया कि हल्द्वानी क्षेत्र के सभी जर्जर स्कूलों के स्टीमेट पहले ही मंगाए जा चुके हैं और खनन न्यास निधि से मरम्मत कराई जानी है। कुछ स्कूलों के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, जबकि इस विद्यालय के संबंध में स्थिति की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्कूल की मरम्मत कराई जाएगी।

