बिन्दुखत्ता पीएचसी के कायाकल्प की तैयारी, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रस्तावों पर लगी मुहर

Spread the love

 

बिन्दुखत्ता पीएचसी के कायाकल्प की तैयारी, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रस्तावों पर लगी मुहरΦ

लालकुआँ
बिन्दुखत्ता क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दुखत्ता के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के व्यापक विस्तार को लेकर आयोजित आम बैठक में क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा क्षेत्र नैनीताल–ऊधमसिंह नगर के सांसद प्रतिनिधि (बिन्दुखत्ता) बालम सिंह बोरा ने की।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने माना कि क्षेत्र की बड़ी आबादी पूरी तरह इसी स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। इसी को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के नए भवन निर्माण, पुराने भवन के पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण, तथा चिकित्सालय को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रस्तावों के तहत केन्द्र में आधुनिक लेबर रूम एवं प्रसव केन्द्र, प्रयोगशाला, स्वच्छ प्रसाधन कक्ष, एक्स-रे सुविधा और अल्ट्रासाउंड सेवा शीघ्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया, जिससे गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

इसके अतिरिक्त सप्ताह में एक दिन नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं दंत रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराने, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने, तथा चिकित्सालय परिसर में रात्रि सुरक्षा के लिए पीआरडी जवान की तैनाती का प्रस्ताव भी पारित किया गया। आपात स्थितियों से निपटने के लिए एक पेशन्ट एम्बुलेंस मय चालक उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

बैठक में पारित सभी प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई एवं संस्तुति हेतु प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोटाहल्दू के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल को प्रेषित कर दिया गया है, ताकि शीघ्र स्वीकृति के बाद कार्य धरातल पर उतर सकें।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि बालम सिंह बोरा ने कहा कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार अब अनिवार्य हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर जल्द अमल में लाया जाएगा।

बैठक में आयुष चिकित्सक, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, फार्मेसी अधिकारी, सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल को बिन्दुखत्ता क्षेत्र के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में ऐतिहासिक शुरुआत बताया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *