नियम तोड़े, जनता फंसी—सड़क कटिंग में लापरवाही पर प्रशासन का कड़ा वार -संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को चेतावनी
देहरादून।
आईएसबीटी क्रॉसिंग एवं सहारनपुर रोड माजरा क्षेत्र में चल रहे सड़क कटिंग कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए काम को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर फास्ट-ट्रैक टीम (क्यूआरटी) द्वारा किए गए निरीक्षण में अनुमति आदेश की शर्तों का खुला उल्लंघन उजागर हुआ।
जांच में पाया गया कि पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (PITCULL) को 132 केवी माजरा–लालतप्पड़ एलआईएलओ लाइन को भूमिगत केबल के माध्यम से बिछाने के लिए सड़क कटिंग की अनुमति दी गई थी। यह अनुमति 16 जनवरी से 15 फरवरी तक, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक सीमित समय में कार्य करने के लिए थी, लेकिन एजेंसी ने तय नियमों और समयसीमा की अनदेखी की।
उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में हुए निरीक्षण में सामने आया कि अव्यवस्थित और लापरवाह कार्य के कारण आम नागरिकों को यातायात जाम, भारी असुविधा और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सभी रोड कटिंग कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी है और संबंधित अनुमति को निरस्त कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि 02 फरवरी 2026 की शाम तक सड़क की भराई कर उसे यथास्थिति में बहाल किया जाए।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

