रेल वन एप से एक मंच पर मिलेगी टिकट से लेकर ट्रेन ट्रैकिंग तक की सुविधा
काशीपुर।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग सहित सभी आवश्यक सेवाओं के लिए रेल वन एप को सक्रिय रूप से बढ़ावा देना शुरू कर दिया है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग और ट्रेन से जुड़ी जानकारी के लिए अलग-अलग एप या वेबसाइट का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक काशीपुर सचिन अग्रवाल ने बताया कि काशीपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे द्वारा विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां यात्रियों को रेल वन एप डाउनलोड कराने, पंजीकरण प्रक्रिया समझाने और एप की विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से यात्री आरक्षित व अनारक्षित टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस, सीट उपलब्धता, ट्रेन की लाइव ट्रैकिंग, तथा यात्रा से संबंधित शिकायत दर्ज कराने और उनके समाधान जैसी सुविधाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर उठा सकेंगे।
लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एप में ऑनलाइन फूड ऑर्डर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्री अपनी सीट पर ही पसंदीदा भोजन मंगवा सकेंगे।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक ने बताया कि पूर्व में यात्रियों को आरक्षित टिकट के लिए आईआरसीटीसी और अनारक्षित टिकट के लिए यूटीएस एप का उपयोग करना पड़ता था, जबकि अन्य जानकारियों के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म अपनाने पड़ते थे। रेल वन एप के लागू होने से यह समस्या समाप्त होगी और यात्रियों को एक ही मंच पर सभी सेवाएं सरल एवं सुगम रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

